पुणे बस रेप केस पर पूर्व CJI चंद्रचूड़ ने की बड़ी मांग ...?
- Posted By: Admin
- सुर्ख़ियों में !
- Updated: 28 February, 2025 04:26
- 2443
'निर्भया कांड के बाद सुधार हुआ, लेकिन महिलाओं को सुरक्षित रखने वाले कानून का सही तरीके ..', पुणे बस रेप केस पर पूर्व CJI चंद्रचूड़ ने की बड़ी मांग
महाराष्ट्र के पुणे में स्वारगेट बस डिपो में बस के अंदर महिला से कथित बलात्कार के आरोपी की तलाश तेज हो गई है। फरार अपराधी को सख्त सजा देने की मांग देशभर में बढ़ रही है, इस बीच भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़ ने भी प्रतिक्रिया दी है।
पूर्व मुख्य न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़ ने गुरुवार (27 फरवरी, 2025) को कहा कि निर्भया कांड के बाद कानूनों में कई सुधार हुए, लेकिन सिर्फ कानून बनाकर ऐसे अपराधों को नहीं रोका जा सकता। उन्होंने कहा, "महिलाओं के लिए बने कानूनों का सही तरीके से क्रियान्वयन होना चाहिए। महिलाएं जहां भी जाएं, उन्हें सुरक्षित महसूस होना चाहिए। ऐसे मामलों में उचित जांच, सख्त कार्रवाई, त्वरित सुनवाई और सजा जरूरी है।" उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और न्याय प्रणाली की जिम्मेदारी पर भी जोर दिया। पुलिस कार्रवाई: आरोपी पर इनाम घोषित
विपक्षी दलों ने इस घटना की तुलना 2012 के दिल्ली निर्भया कांड से की है, जिससे सरकार पर दबाव बढ़ गया है। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर दत्तात्रेय रामदास गाडे (37) को गिरफ्तार करने के लिए कई विशेष टीमें बनाई हैं। पुणे के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने कहा कि आरोपी के ठिकाने के बारे में जानकारी देने वाले को ₹1 लाख का इनाम दिया जाएगा।
कैसे हुआ अपराध?
स्वरगेट स्थित महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) का यह डिपो शहर का सबसे बड़ा बस स्टेशन है। पीड़िता ने बताया कि मंगलवार सुबह 5:45 बजे जब वह सतारा जिले के फलटण जाने वाली बस का इंतजार कर रही थी, तो आरोपी ने उसे 'दीदी' कहकर बातों में उलझा लिया और कहा कि उसकी बस दूसरे प्लेटफॉर्म पर खड़ी है। इसके बाद आरोपी उसे एक खाली 'शिव शाही' एसी बस में ले गया, जिसकी लाइट बंद थी। शुरुआत में महिला झिझकी, लेकिन आरोपी ने उसे भरोसा दिलाया कि यही सही बस है। महिला के बस में चढ़ते ही आरोपी अंदर घुस गया, दरवाजा बंद कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।
जांच और आगे की कार्रवाई
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है। एमएसआरटीसी प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है। पीड़िता के बयान के आधार पर तेजी से जांच चल रही है। यह मामला महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़ा करता है। सरकार और पुलिस प्रशासन पर जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने और त्वरित न्याय दिलाने का दबाव बढ़ रहा है।
Comments
Shalini Bajpai 11 months ago
?? ?
Zeba Parveen 2 months ago
useful
Zeba Parveen 2 months ago
useful