पश्चिम बंगाल मतदान में अव्वल, पांचवें चरण में करीब 60 फीसदी ; जानें यूपी-महाराष्ट्र-बिहार का हाल!
लोकसभा चुनाव 2024 के पांचवें चरण में आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 49 सीटों के लिए सोमवार (20 मई) को मतदान समाप्त हो गया। पांचवें चरण में 60 फीसदी से ज्यादा मतदान हुआ। हालांकि ये आंकड़े और बढ़ सकते हैं। चुनाव आयोग के वोटर टर्नआउट ऐप के मुताबिक पांचवें चरण में अब तक 59.36 फीसदी मतदान हुआ है।
सबसे ज्यादा 73.14 फीसदी मतदान पश्चिम बंगाल में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम 54.16 फीसदी मतदान महाराष्ट्र में दर्ज किया गया। बिहार में 53.86 फीसदी, जम्मू-कश्मीर में 56.04, झारखंड में 63.06, लद्दाख में 68.47, ओडिशा में 63.44 और उत्तर प्रदेश में 57.79 फीसदी मतदान हुआ।
कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ताओं में झड़प मुंबई में
मुंबई की दक्षिण-मध्य लोकसभा सीट के सायन इलाके में स्थित लिटिल एंजल स्कूल में चल रहे मतदान के दौरान कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। भाजपा कार्यकर्ताओं का दावा है कि वे मतदान केंद्र से 100 मीटर दूर मतदाताओं को मतदान पर्ची दे रहे थे। इस पर कांग्रेस पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग 100 मीटर दूर नहीं बल्कि मतदान केंद्र के पास जाकर लोगों की मतदान प्रक्रिया में हस्तक्षेप कर रहे थे।
इसके बाद कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और भाजपा ने दावा किया कि दो लोगों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। भाजपा कार्यकर्ता की शिकायत के आधार पर सायन पुलिस ने दो अज्ञात लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 506 (2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है। इस सीट पर शिवसेना (शिंदे गुट) के राहुल शेवाले और शिवसेना (उद्धव गुट) के अनिल देसाई के बीच मुकाबला है।
फर्जी मतदान का आरोप लगाया विपक्षी दलों ने
समाजवादी पार्टी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश के कौशांबी लोकसभा क्षेत्र के कुंडा विधानसभा में पीठासीन अधिकारी खुद मतदाताओं के वोट डाल रहे हैं। चुनाव आयोग को संज्ञान लेना चाहिए, निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
इस बीच, रायबरेली लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी राहुल गांधी ने बछरावां मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से बातचीत भी की। सपा ने दावा किया कि गोंडा लोकसभा सीट पर भी मतदाताओं को डराया-धमकाया जा रहा है और उन पर भाजपा के पक्ष में वोट करने का दबाव बनाया जा रहा है।
सभी ने डाला वोट नेताओं से लेकर अभिनेताओं तक
लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में मायानगरी मुंबई के लगभग सभी अभिनेता और अभिनेत्रियां वोट डालते नजर आए। माधुरी दीक्षित से लेकर जान्हवी कपूर तक, सभी ने पांचवें चरण में अपना वोट डाला। सदी के महानायक अमिताभ बच्चन से लेकर अरशद वारसी तक, सभी ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस बीच, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में अपना वोट डाला
Comments